Home » कोरबा में दर्दनाक हादसा: पिकनिक पर गया 15 वर्षीय बालक डेम में डूबा, गोताखोरों ने निकाला शव
कोरबा • छत्तीसगढ़

कोरबा में दर्दनाक हादसा: पिकनिक पर गया 15 वर्षीय बालक डेम में डूबा, गोताखोरों ने निकाला शव

कोरबा। दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गया 15 वर्षीय नरेश साहू हादसे का शिकार हो गया। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के सुमेधा स्थित डेम में नहाने के दौरान डूबे नरेश का शव पुलिस और गोताखोरों की मदद से आज सुबह बरामद कर लिया गया है। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दर्री थाना क्षेत्र के अयोध्यापुरी निवासी चार बच्चे सुमेधा डेम पर पिकनिक मनाने गए थे। पिकनिक के दौरान चारों बच्चे डेम के पानी में नहाने के लिए उतरे। कुछ समय बाद तीन बच्चे तो सुरक्षित बाहर आ गए, लेकिन फिरतू राम साहू का 15 वर्षीय पुत्र नरेश साहू पानी के गहराई में समा गया और बाहर नहीं लौटा।

साथी बच्चों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब नरेश का कोई सुराग नहीं मिला, तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। कल देर शाम तक स्थानीय स्तर पर तलाश जारी रही, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।

आज सुबह गोताखोरों की टीम ने डेम में विशेष तलाशी अभियान चलाया, जिसके बाद नरेश का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।

Search