Home » अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर सचिन वाजे ने खड़ी की थी विस्फोटकों से भरी कार
देश

अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर सचिन वाजे ने खड़ी की थी विस्फोटकों से भरी कार

मुंबई। एनआईए ने बुधवार को बांबे हाई कोर्ट को बताया कि बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे ने 2021 में उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर विस्फोटक सामग्री से भरी एक एसयूवी खड़ी की थी। वाजे का मकसद खुद का नाम चमकाना और मामले को सुलझाने का दिखावा कर खुद को ‘सुपर कॉप’ के रूप में पेश करना था।

राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने कोर्ट को बताया कि वाजे ने ही अपने व्यवसायी मित्र मनसुख हिरन की हत्या की थी। अंबानी के आवास एंटीलिया के बाहर खड़ी की गई एसयूवी हिरेन की थी। वाजे को लगा कि हिरेन एक कमजोर कड़ी हैं और उसकी साजिश का खुलासा कर देंगे।

जस्टिस जीएस कुलकर्णी और जस्टिस नीला गोखले की खंडपीठ ने पिछले सप्ताह एक विशेष अदालत द्वारा वाजे को दी गई जमानत पर अंतरिम रोक के अपने पिछले आदेश को बढ़ा दिया। एनआईए ने बम की धमकी वाले मामले और हिरेन की हत्या के मामले में वाजे को जमानत देने के विशेष अदालत के आदेश के खिलाफ अपील दायर की थी।

एनआईए की ओर से पेश हुए अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल अनिल सिंह ने कोर्ट को बताया कि एक फर्जी मुठभेड़ मामले में संलिप्तता के लिए निलंबित वाजे को बाद में बहाल कर दिया गया था और वे अपराध शाखा की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट का नेतृत्व कर रहे थे। अनिल सिंह ने कहा कि वाजे अपना नाम चमकाना चाहते थे और इसलिए उन्होंने एक बहुत बड़े उद्योगपति के घर के बाहर विस्फोटक सामग्री से भरी कार खड़ी कर दी थी।

Search