मुंबई। महाराष्ट्र के हिंगोली में एक पेट्रोल पंप को सील करने को लेकर इंडियन ऑयल के सेल्स मैनेजर और पेट्रोल पंप ऑपरेटर के बेटे में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस इतनी आगे बढ़ गई कि पेट्रोल पंप ऑपरेटर के बेटे ने सेल्स मैनेजर महेश की सात बार चाकू मारकर हत्या कर दी।
दोनों के बीच क्यों हुई थी बहस
पुलिस ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शेल्के और उनकी टीम मंगलवार शाम इंडियन ऑयल के एक पेट्रोल पंप को सील करने पहुंची थी, क्योंकि पेट्रोल पंप तकनीकी दिक्कतों के कारण पिछले तीन महीने से बंद था।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोस पंप ऑपरेटर साहेबराव पांडववीर के परिवार ने कामकाज फिर से शुरू करने के लिए एक महीने का समय मांगा था, लेकिन अधिकारियों ने मना कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच तीखी बहस हुई और पेट्रोल पंप ऑपरेटर के बेटे उमेश ने शेल्के को 7 बार चाकू मारकर हत्या कर दी।
पेट, पीठ और चेहरे पर चोट लगने के कारण शेल्के की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांडववीर भाग गया। पुलिस फिलहाल आरोपी की तलाश कर रही है।
कुरंदा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
इंडियन ऑयल के चेयरमैन अरविंदर सिंह साहनी ने अपने सहयोगी की मौत पर दुख जताया और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि शेल्के पर उनकी ड्यूटी के दौरान हमला किया गया था। उन्होंने कहा,’ महाराष्ट्र के हिंगोली में अपनी ड्यूटी करते हुए जानलेवा हमले का शिकार हुए। हमारे सहयोगी महेश शेल्के के दुखद निधन से मैं बहुत दुखी हूं।
मैं इस घिनौनी हरकत की कड़ी निंदा करता हूं। हमने महाराष्ट्र में उच्च अधिकारियों के सामने यह मामला उठाया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित और सख्त कार्रवाई की मांग की है। इंडियन ऑयल इस बेहद दुख की घड़ी में शेल्के के परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। उनके परिवार, सहयोगियों और प्रियजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।’







