कोरबा। श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम गुरमा में कुआं धंसने से मलबे में दबे ग्रामीण का शव तीसरे दिन बरामद कर लिया गया। एसडीआरएफ बिलासपुर और जिला आपदा मोचन बल नगर सेना कोरबा की टीम ने तीन दिन तक चले कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शनिवार शाम 5 बजे शव को बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, यह हादसा कोरबा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत गुरमा में हुआ। ग्राम गुरमा निवासी सोनसाय मंझवार (55) अपने घर से लगी बाड़ी में बने कुएं से पानी निकाल रहा था। घटना एक अक्टूबर की दोपहर करीब दो बजे की है।

तीन दिन तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 30 फीट नीचे मिला ग्रामीण का शव, कुआं धंसने से हुआ था हादसा
सूचना मिलते ही श्यांग थाना पुलिस, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीम मौके पर पहुंची। पहले दिन स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू का प्रयास किया गया, लेकिन मलबा अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ बिलासपुर और जिला आपदा मोचन बल नगर सेना कोरबा की टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू टीम ने जेसीबी और पोकलेन मशीन की मदद से कुएं के चारों ओर खुदाई शुरू की। बताया जा रहा है कि रेस्क्यू के दौरान करीब 50 फीट के दायरे में खुदाई की गई और 30 फीट नीचे तक खोदाई करने के बाद शनिवार शाम 5 बजे ग्रामीण का शव बरामद हुआ।






