आरोपी के विरुद्ध 03 स्थायी वारंट भी थे लंबित
कोरबा। मकान, जमीन और मलबा का इकरारनामा कर जमीन अन्य व्यक्ति को बेचने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरूद्ध धारा 138 एनआई एक्ट के तहत 3 स्थायी वारंट भी लंबित थे।
चौकी रजगामार, थाना बालकोनगर में प्रार्थी सिकंदर द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि आरोपी हनुमान प्रसाद यादव पिता स्वर्गीय मुन्नीलाल यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी रजगामार एवं उसकी पत्नी अनीता यादव द्वारा मकान, जमीन एवं मलबे की बिक्री के संबंध में 22 नवंबर 2023 को इकरारनामा किया गया था।
शिकायत के अनुसार, उक्त इकरारनामा के एवज में आरोपी पक्ष द्वारा ₹7 लाख रुपये प्राप्त किए गए। राशि प्राप्त करने के बाद न तो संपत्ति की रजिस्ट्री कराई गई और न ही मलबा दिया गया। प्रार्थी के अनुसार, आरोपी द्वारा उक्त जमीन का सौदा करने के बावजूद जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया गया।
शिकायत पर चौकी रजगामार पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 80/2026, धारा 420, 34 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
उत्तर प्रदेश से वापस आते समय रतनपुर बस स्टैंड में पकड़ाया
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम द्वारा लगातार पतासाजी की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि आरोपी उत्तर प्रदेश से वापस आ रहा है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी हनुमान प्रसाद यादव को रतनपुर बस स्टैंड में बस से गिरफ्तार किया गया।
03 स्थायी वारंट भी थे लंबित
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के अंतर्गत न्यायालय द्वारा जारी 03 स्थायी वारंट भी लंबित थे। उक्त स्थायी वारंट वर्ष 2022 एवं 2024 के चेक बाउंस से संबंधित प्रकरणों में न्यायालय द्वारा जारी किए गए थे। आरोपी की गिरफ्तारी के साथ ही इन स्थायी वारंटों में भी नियमानुसार कार्रवाई की गई।
लगातार पतासाजी से मिली सफलता
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए रजगामार पुलिस द्वारा लगातार संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाई जा रही थी। मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही थी। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए रतनपुर बस स्टैंड से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही विशेष भूमिका
उक्त कार्रवाई में चौकी रजगामार प्रभारी उप निरीक्षक विनोद सिंह, प्रधान आरक्षक विनोद सिंह एवं प्रधान आरक्षक केरोबीन की विशेष भूमिका रही।
फरार आरोपियों एवं वारंटियों पर कार्रवाई जारी
कोरबा पुलिस द्वारा फरार आरोपियों एवं लंबे समय से लंबित स्थायी वारंटों की तामीली हेतु लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस द्वारा ऐसे आरोपियों की पतासाजी कर उनकी गिरफ्तारी एवं न्यायालयीन कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।







