कोरबा। एक बार फिर मालगाड़ी की वजह से आवागमन करने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के बाद अब इन दिनों लगातार तेज धूप के साथ गर्मी भी पड़ रही है। इस बीच एक झकझोर कर रख देने वाली खबर सामने आई है। इसे प्रत्यक्ष मोबाईल कैमरे में कैद किया गया है।
हम बात कर रहे हैं बुधवारी स्थित रेलवे क्रासिंग की। शनिवार की सुबह लगभग 10 बजे के आसपास यहां रेलवे क्रासिंग से प्लांट के लिए कोयला से लदी मालगाड़ी गुजर रही थी। इधर सिग्नल होने के बाद वाहन चालकों की भीड़ लग गई। मालगाड़ी कछुआ चाल चल रही थी। तेज धूप की वजह से लोगों का बुरा हाल हो गया। 10-15 मिनट में जैसे तैसे इंजन वैगनों को खींचकर प्लांट की ओर ले गया। खास बात यह है कि क्रासिंेग पर एक एंबुलेंस भी मरीज को लेकर खड़ी हुई थी। चालक फाटक के खुलने का इंतजार कर रहा था। यदि मरीज गंभीर होता तो अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता। हां इतना जरूर है मरीज की जान जाने पर परिजन यह आरोप जरूर लगाते कि रेलवे फाटक में फंसे रहने की वजह से मरीज की स्थिति ज्यादा बिगड़ गई या जान चली गई। प्लांट प्रबंधन और रेलवे को इसे गंभीरता से लेना चाहिए। कोरबा शहर की रेलवे क्रासिंग में यह समस्या आम हो गई है। जनप्रतिधियों ने इस समस्या को लेकर आंदोलन और धरना प्रदर्शन की चेतावनी भी दी, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।







