दिल्ली पुलिस ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में ड्रग तस्कर पार्वती के घर से करोड़ों रुपये की अवैध संपत्ति जप्त की गई। पुलिस ने कुल 1.204 किलोग्राम हेरोइन और 64.62 लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
दिल्ली के बवाना में हेरोइन के साथ गिरफ्तार कथित महिला ड्रग तस्कर पार्वती के नशे के कारोबार का दायरा अब उसकी कथित संपत्ति तक पहुंच गया है। एफआईआर के मुताबिक, पार्वती के आवास से 56.69 लाख रुपये नकद मिले। इसके साथ ही 355 ग्राम सोना और 161 ग्राम चांदी भी बरामद हुई। पुलिस को चार संपत्ति रजिस्ट्री दस्तावेज भी मिले हैं। ये दस्तावेज तस्करी के पैसे से खरीदी गई संपत्तियों से जुड़े हैं।

12 मामले हैं दर्ज
42 वर्षीय पार्वती को 23 सितंबर को आउटर नॉर्थ जिले की एंटी नारकोटिक्स स्क्वाड ने न्यू सनौठ कॉलोनी, बवाना में छापेमारी के दौरान कथित सहयोगी विकास कुमार उर्फ शानू के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के तहत 12 मामले दर्ज हैं। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस अब नकदी, सोने और संपत्तियों के स्रोत के साथ कथित सप्लायरों, खरीदारों और नेटवर्क से जुड़े लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।







