Home » ‘2027 मेरा आखिरी वर्ल्‍ड कप…,’ Virat Kohli का साफ संदेश- खिताब जीतना एकमात्र लक्ष्‍य
खेल

‘2027 मेरा आखिरी वर्ल्‍ड कप…,’ Virat Kohli का साफ संदेश- खिताब जीतना एकमात्र लक्ष्‍य

नई दिल्‍ली। भारतीय टीम के पोस्‍टर ब्‍वॉय विराट कोहली ने अपने भविष्‍य के बारे में स्‍पष्‍ट राय दी। पूर्व भारतीय कप्‍तान ने कहा कि नीली जर्सी में 2027 वनडे वर्ल्‍ड कप उनका आखिरी टूर्नामेंट होगा, जहां उनका एकमात्र लक्ष्‍य खिताब जीतना है।

कोहली ने साथ ही कहा कि वो अधिक स्‍वतंत्रता के साथ बल्‍लेबाजी करेंगे और अपेक्षाओं की चिंता किए बगैर खेलेंगे। कोहली इस समय वेस्‍टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज की तैयारी में जुटे हैं, जिसका पहला मुकाबला रविवार यानी आज तिरुवनंतपुरम में खेला जाएगा।

विराट कोहली ने क्‍या कहा :  कोहली ने एक बातचीत में कहा कि  ‘भारत के लिए मेरा आखिरी वर्ल्‍ड कप होगा। यही मेरा प्रोत्‍साहन है। मैं अपना सबकुछ देना चाहूंगा। मेरा लक्ष्‍य विश्‍व कप खिताब जीतना है। इसके लिए जो भी लगेगा, मैं करने को तैयार हूं।’ कोहली चौथी बार वनडे वर्ल्‍ड कप में शिरकत करते हुए नजर आएंगे, जो अक्‍टूबर-नवंबर में साउथ अफ्रीका, जिम्‍बाब्‍वे और नामीबिया की संयुक्‍त मेजबानी में खेला जाएगा।

37 साल के कोहली ने 2025 चैंपियंस ट्रॉफी से बेहतरीन प्रदर्शन किया है। दाएं हाथ के बल्‍लेबाज ने 12 वनडे में 76 की औसत से 760 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। पिछले 10 वनडे में उन्‍होंने 64.68 की औसत से 1035 रन बनाए, जिसमें तीन शतक और सात अर्धशतक शामिल हैं।

कोहली ने अपनी सोच में बदलाव के बारे में बताया। उन्‍होंने कहा, ‘क्‍या बदला है? सबसे पहले यह कि मैंने खुद से वादा किया कि अधिक स्‍वतंत्रता के साथ खेलूंगा। लोग मुझसे क्‍या अपेक्षा रखते हैं, इसकी चिंता किए बिना खेलूंगा। मैं चीजों को संतुलित करके खेलूंगा।’
 

वनडे करियर में 15 हजार रनों के करीब :  अंतरराष्ट्रीय वनडे करियर की बात करें तो नीली जर्सी पहनकर विराट ने अब तक 314 वनडे मुकाबलों में 14,941 रन अपने नाम किए हैं। वह 15 हजार रनों के जादुई आंकड़े से महज कुछ ही कदम दूर हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ आगामी तीन मैचों की वनडे सीरीज से पहले जियोस्टार पर बातचीत करते हुए कोहली ने अपने भविष्य और 2027 वर्ल्ड कप के लिए अपनी तैयारियों पर खुलकर दिल की बात रखी।

Search