Home » कोरबा की बेटी संजू देवी ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में भारत को दिलाया गोल्ड
खेल

कोरबा की बेटी संजू देवी ने रचा इतिहास, एशियन गेम्स में भारत को दिलाया गोल्ड

सीएम साय ने फोन कर दी बधाई

रायपुर। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की रहने वाली संजू देवी ने एशियन गेम्स 2026 में भारतीय महिला कबड्डी टीम के साथ स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स का महिला कबड्डी स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस जीत में संजू देवी ने भी अहम भूमिका निभाई।

सीएम साय ने फोन कर दी बधाई

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने संजू देवी से फोन पर बातचीत कर उन्हें स्वर्णिम सफलता के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने उनके प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि संजू की उपलब्धि से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है। उन्होंने संजू की मेहनत और खेल कौशल की प्रशंसा की।

कोरबा की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया मान

संजू देवी भारतीय महिला कबड्डी टीम की 12 सदस्यीय टीम का हिस्सा थीं। एशियन गेम्स से पहले भी वह भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल चुकी हैं। एशियन गेम्स 2026 में उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ शुरुआती मुकाबले में भी प्रभावी प्रदर्शन किया था।

फाइनल में ईरान को 37-34 से हराया 

महिला कबड्डी के स्वर्ण पदक मुकाबले में भारत ने ईरान को 37-34 से हराया। भारतीय टीम ने पहले हाफ में 22-16 की बढ़त बनाई थी। दूसरे हाफ में ईरान ने वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत ने निर्णायक मौकों पर महत्वपूर्ण रेड और टैकल करते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। संजू देवी ने भी दूसरे हाफ में दो अंकों की अहम रेड लगाई।

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनीं संजू

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की बेटियां खेल समेत अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संजू देवी ने मेहनत और खेल कौशल के बल पर राष्ट्रीय टीम में स्थान बनाया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व किया। मुख्यमंत्री ने उनकी सफलता को प्रदेश के युवा खिलाड़ियों, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक बताया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ ओलिंपिक संघ के महासचिव विक्रम सिसोदिया भी उपस्थित थे।

Search