Home » गणेश विसर्जन जुलूस में ट्रेनी डीएसपी से मारपीट, निजी कार में तोड़फोड़, 6 युवक हिरासत में
छत्तीसगढ़

गणेश विसर्जन जुलूस में ट्रेनी डीएसपी से मारपीट, निजी कार में तोड़फोड़, 6 युवक हिरासत में

अंबिकापुर। गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान अंबिकापुर में प्रशिक्षु डीएसपी और दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे के साथ मारपीट और उनकी निजी कार में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, रास्ता देने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। मामले में मणिपुर थाना पुलिस ने 6 युवकों को हिरासत में लिया है और अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

साइड देने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक, निशांत कुर्रे गुरुवार रात करीब 10 बजे दरिमा से अपनी निजी कार से अंबिकापुर लौट रहे थे। कंठी और जगदीशपुर के बीच गणेश विसर्जन की झांकी और जुलूस के कारण सड़क पर यातायात बाधित था। पुलिस के मुताबिक, उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों से वाहन को साइड देने और रास्ता व्यवस्थित करने के लिए कहा। इसी दौरान कुछ युवकों से कहासुनी हो गई और विवाद बढ़ गया।

मारपीट के साथ कार में तोड़फोड़

पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद कुछ युवकों ने प्रशिक्षु डीएसपी के साथ मारपीट की। उनकी निजी कार को भी निशाना बनाया गया और कार के शीशे तोड़ दिए गए। घटना में डीएसपी को चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद उन्होंने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मणिपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

6 युवक हिरासत में, अन्य की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने अब तक 6 युवकों को हिरासत में लिया है। अधिकारियों के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच की जा रही है। मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

एसडीओपी ने बताया कैसे हुआ विवाद

अंबिकापुर एसडीओपी राकेश बघेल के अनुसार, दरिमा थाना प्रभारी निशांत कुर्रे क्षेत्र के भ्रमण पर थे। रास्ते में गणेश विसर्जन जुलूस और डीजे के कारण मार्ग बाधित मिला। उन्होंने जुलूस में शामिल लोगों को रास्ता देने और व्यवस्था बनाने की समझाइश दी, जिसके बाद विवाद हुआ और उनके साथ मारपीट की गई। पुलिस हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

Search