कोरबा। रेलवे स्टेशन कोरबा में मेन लाइन के पास यार्ड के समीप गिट्टी से लोड मालगाड़ी का पहिया पटरी से उतर गया। घटना के बाद स्टेशन परिसर और अधिकारियों में हड़कंप मच गया। हालांकि चालक की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया है।
गेवरा से कोरबा की ओर आ रही गिट्टी से लदी मालगाड़ीयार्ड से गुजर रही थी, तभी अचानक उसके बीच का एक डिब्बा तेज आवाज के साथ अचानक पटरी से उतर गया। इंजन में झटका लगने के साथ चालक ने तत्काल इमरजेंसी ब्रेक लगाकर मालगाड़ी को रोक दिया।
सूचना मिलते ही अधिकारी और तकनीकी स्टॉफ मौके पर पहुंचे। डिरेल का जायजा लेने के बाद ट्रैक पर कार्य शुरू किया गया। 4 घंटे की मशक्कत के बाद मालगाड़ी के पहिए को वापस पटरी पर लाया गया। मालगाड़ी डिरेल होने से गेवरा-कोरबा रूट पर चलने वाली मेमू लोकल प्रभावित हुई। मेमू को विलंब से गंतव्य को रवाना किया गया। यात्रियों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा।







