वॉशिंगटन। अमेरिका के योसेमिट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना रविवार दोपहर उस समय हुई, जब हेलीकॉप्टर आग पर पानी गिराने के अभियान में जुटा था। हेलीकॉप्टर में पायलटों के अलावा कोई और व्यक्ति सवार नहीं था। दोनों पायलट कॉन्ट्रैक्ट विमान कंपनी ‘प्रिसीजन’ के लिए काम करते थे।
हादसे में मारे गए एक पायलट की पहचान हुई : हादसे में मारे गए पायलटों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में हुई है। वह पहले अलास्का डिविजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन के साथ काम कर चुके थे और अलास्का में जंगल की आग बुझाने के कई अभियानों में हिस्सा ले चुके थे। बाद में वह ‘प्रिसीजन’ से जुड़ गए। अलास्का की एजेंसी के प्रवक्ता एमरी जॉनसन ने बताया कि किंग के करीबी रिश्तेदार अभी भी एजेंसी में काम करते हैं। परिवार की इजाजत मिलने के बाद ही उनका नाम सार्वजनिक किया गया। दूसरे पायलट की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
झील के पास गिरा ‘सुपर प्यूमा’ हेलीकॉप्टर : फेडरल कॉम्प्लेक्स इंसिडेंट मैनेजमेंट टीम के प्रवक्ता बेंजामिन कॉसेल के अनुसार, ‘सुपर प्यूमा’ हेलीकॉप्टर आग बुझाने के लिए ‘वॉटर बकेट’ का इस्तेमाल कर रहा था। इसी दौरान वह एक झील के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे की परिस्थितियों के बारे में अभी तत्काल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। दुर्घटना की जांच फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) और नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड (NTSB) करेंगे। अधिकारियों ने अभी यह नहीं बताया है कि हेलीकॉप्टर किस वजह से दुर्घटनाग्रस्त हुआ।







