डोंगरगढ़। शहर के बीचों-बीच स्थित बस स्टैंड के एसबीआई ATM बूथ में बीती रात चोरी की सनसनीखेज कोशिश का मामला सामने आया है। चोर चोरी की वारदात को अंजाम दे पाता उससे पहले ही स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक्शन लिया और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पहले कैमरा तोड़ा, फिर ATM पर किए वार : बताया जा रहा है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ ATM बूथ में दाखिल हुआ था। उसने सबसे पहले CCTV कैमरे को निशाना बनाया, ताकि उसकी हरकत रिकॉर्ड न हो सके। इसके बाद हथौड़ी और छेनी से ATM मशीन के उस हिस्से को तोड़ने की कोशिश की, जहां से मशीन का कवर और दरवाजा खुलता है। लगातार वार के कारण ATM का बाहरी हिस्सा क्षतिग्रस्त भी हुआ। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों को बूथ में संदिग्ध गतिविधि नजर आई। लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंच गई।
स्थानीय निवासी और SBI कर्मचारी अंजल निगम भी रात में अपने रिश्तेदार को रेलवे स्टेशन छोड़कर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बस स्टैंड स्थित ATM बूथ की ओर गई। अंजल के मुताबिक, वहां कुछ स्थानीय लोग पहले से मौजूद थे और उन्होंने संदिग्ध युवक को पकड़ रखा था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जानिए SDOP ने क्या कहा ?
डोंगरगढ़ SDOP केसरी नंदन नायक ने बताया कि रात में पुलिस पेट्रोलिंग के दौरान ATM के पास एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। जांच करने पर उसके पास छीनी और हथौड़ी मिली। उसने ATM के कवर वाले हिस्से को तोड़ दिया था। पुलिस टीम ने उसे मौके पर पकड़कर थाने लाया। पूछताछ में उसकी पहचान सेवाराम वर्मा निवासी अंडी के रूप में हुई है।
SDOP के अनुसार, आरोपी उस समय नशे की हालत में था और ज्यादा जानकारी नहीं दे पाया। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की सतर्कता और पुलिस पेट्रोलिंग के चलते ATM से रकम चोरी होने से पहले ही आरोपी पकड़ा गया, लेकिन शहर में लगातार सुनसान इलाकों में सक्रिय चोर गिरोह की मौजूदगी से शहरी इलाके में हड़कंप मचा दिया है।







