रायगढ़। जूटमिल थाना क्षेत्र के ट्रांसपोर्ट नगर में महिला मित्र से मिलने पहुंचे युवक की मारपीट के बाद मौत के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं घटना में शामिल तीसरा आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार सतीगुड़ी चौक निवासी शिवा सेट्ठी 35 वर्ष 8 सितंबर की दरम्यानी रात ट्रांसपोर्ट नगर में रहने वाली अपनी महिला मित्र से मिलने पहुंचा था। इसी दौरान मोहल्ले के राजू महंत उर्फ संजय महंत और कृष्णा साव उर्फ चुड़ामणि साव तथा धन्नू निषाद ने उसे वहां आने से मना किया। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि तीनों ने एक राय होकर शिवा के साथ मारपीट की। उसे जमीन पर पटक पटककर पीटने से गंभीर चोटे आई। मारपीट के बाद शिवा किसी तरह वहां से निकलकर अपने दोस्त के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी। प्राथमिक उपचार के बाद वह घर चला गया। कुछ देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना पर कोतवाली पुलिस ने शून्य पर मर्ग कायम किया। घटनास्थल जूटमिल थाना क्षेत्र का होने के कारण मर्ग डायरी जूटमिल पुलिस को भेजी गई। जांच के दौरान प्रत्यक्षदर्शियों और बीच बचाव करने वाले गवाहों के बयान लिए गए, जिसमें तीनों आरोपियों द्वारा शिवा से मारपीट की पुष्टि हुई। पोस्टमार्टम की शॉर्ट रिपोर्ट में हेड इंजरी के कारण हेमरेजिक शॉक को मौत का कारण बताया गया। मर्ग जांच में मारपीट से आई गंभीर चोटों के कारण मौत होना पाए जाने पर 12 सितंबर को जूटमिल थाने में अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत धारा 103 (1), 3(5) बीएनएस के तहत हत्या का मामला दर्ज किया गया। दोनों पूर्व कार्रवाई के चलते जिला जेल रायगढ़ में निरूद्ध थे और रिहा होने वाले थे। पुलिस ने जेल के बाहर से दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने धन्नू निषाद के साथ मिलकर शिवा से मारपीट करना स्वीकार किया। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। फरार धन्नू निषाद की तलाश जारी है।







