Home » कोटा: बाघ के हमले से दहशत, ग्रामीण के उपर लगाई छलांग, घमेला से प्रहार कर बचाई अपनी जान
छत्तीसगढ़

कोटा: बाघ के हमले से दहशत, ग्रामीण के उपर लगाई छलांग, घमेला से प्रहार कर बचाई अपनी जान

वन विभाग ने शुरू की तलाश

बिलासपुर। कोटा वन विकास निगम क्षेत्र के ग्राम दवनपुर में शनिवार को उस समय दहशत फैल गई, जब खेत में खाद छिड़कने गए एक ग्रामीण पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। बाघ के हमले से ग्रामीण के चेहरे, हाथ और पैर में चोट आई है। जान बचाने के लिए ग्रामीण काफी देर तक बाघ से मुकाबला करता रहा। ग्रामीण ने अपने पास रखे प्लास्टिक के घमेला से बाघ के प्रहार को रोकता रहा। कुछ देर बाद बाघ मौके से जंगल की ओर भाग निकला। घटना के बाद दवनपुर और आसपास के गांव में बाघ की मौजूदगी को लेकर भय का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम दवनपुर निवासी संजू मरकाम पिता महादेव मरकाम 42 वर्ष शनिवार को अपने खेत में खाद छिड़कने गया था। इसी दौरान खेत की मेड़ पर बैठे बाघ ने अचानक उस पर छलांग लगा दी। अचानक हुए हमले से संजू संभल नहीं पाया और बाघ ने उसके चेहरे, हाथ और पैर पर हमला कर दिया। इसी दौरान ग्रामीण ने हिम्मत जुटाकर अपने पास रखे प्लास्टिक के घमेला से बाघ पर वार कर दिया। कुछ देर बाद बाघ जंगल की ओर भाग निकला। जानकारी मिलते ही क्षेत्र में अफरा तफरी मच गईं। ग्रामीण ने इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विकास निगम के अधिकारी कर्मचारी मौके पर पहुंचे और घायल संजू मरकाम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया है।

बाघ की तलाश में जुटी टीम

घटना के बाद वन विकास निगम और वन विभाग की टीम दवनपुर सहित आसपास के इलाकों में बाघ की तलाश शुरू कर दी है। बाघ की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ लगातार निगरानी की जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा फिलहाल अकेले खेत और जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह दी गई है। बाघ के अचानक आबादी वाले क्षेत्र में पहुंचने और ग्रामीण पर हमले की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Search