Home » चोरी के बाद चाबी बनवाने पहुंचे वाहन मालिक के रिश्तेदार की दुकान, पकड़े गए चोर
कोरबा

चोरी के बाद चाबी बनवाने पहुंचे वाहन मालिक के रिश्तेदार की दुकान, पकड़े गए चोर

कोरबा। बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले का पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। महंगी मोटरसाइकिल चलाने के शौक और पैसे की कमी के चलते तीन दोस्तों ने चोरी की योजना बनाई थी। पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी मोनेन्द्र कुमार उर्फ मोनू को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को भी संरक्षण में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल और एक स्कूटी बरामद की गई है।

मामला पांच सितंबर की रात का है। बांकीमोंगरा के कुदरीपारा क्रमांक दो मुख्य मार्ग निवासी देव कुमार अहिरवार ने पुलिस को बताया कि उन्होंने रात करीब 10 बजे अपनी पल्सर आरएस 200 मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीटी 6722 को दुकान के सामने ताला लगाकर खड़ा किया था। अगले दिन सुबह करीब सात बजे मोटरसाइकिल वहां नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में एक चाबी बनाने वाले दुकानदार की सूचना से बड़ी मदद मिली। दरअसल चोरी करने के बाद आरोपी मोटरसाइकिल की दूसरी चाबी बनवाने के लिए कोरबा के टीपी नगर स्थित एक दुकान पर पहुंचे थे। संयोग से जिस दुकान पर मोटरसाइकिल की चाबी बनवाने आरोपी पहुंचे थे, वह वाहन मालिक के रिश्तेदार का दुकान था । आरोपियों की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर दुकानदार को उन पर शक हुआ। उसने आपातकालीन पुलिस सेवा को सूचना दे दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और संदिग्धों को पकड़ लिया।

Search