Home » यूक्रेन में रूस का बड़ा ड्रोन अटैक: सुरक्षा मुख्यालय को बनाया निशाना
दुनिया

यूक्रेन में रूस का बड़ा ड्रोन अटैक: सुरक्षा मुख्यालय को बनाया निशाना

रूस के ड्रोन ने शुक्रवार दोपहर मध्य कीव में यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के मुख्यालय को निशाना बनाया है। जेलेंस्की के मुताबिक, ड्रोन सीधे सुरक्षा मुख्यालय प्रमुख के कार्यालय को निशाना बनाकर इमारत से टकराया। हमले में फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उन्होंने कहा कि इस हमले में एजेंसी के प्रमुख के कार्यालय को निशाना बनाया गया था। जिसके बाद उन्होंने सुरक्षा सेवा को निर्देश दिया है कि वह रूस को ‘उचित और ठोस जवाब दे और जहां संभव हो, ऐसा जवाब दे जो इस हमले जैसा ही हो।

‘सीधे कार्यालय को निशाना बनाया गया’
जेलेंस्की ने कहा कि मैंने यूक्रेन की सुरक्षा सेवा के प्रमुख ओलेक्सांद्र पोकलाड से बात की। दुर्भाग्य से, रूस के एक ड्रोन ने कीव में वोलोदिमिरस्का स्ट्रीट पर यूक्रेन की सुरक्षा सेवा की मुख्य इमारत पर हमला किया, जो सेंट सोफिया कैथेड्रल के सामने है। ड्रोन का निशाना सीधे उस इमारत में सुरक्षा सेवा प्रमुख का कार्यालय था।

मौके पर पहुंचीं आपातकालीन टीमें
जेलेंस्की ने बताया कि आपातकालीन सेवाओं की टीमें मौके पर पहुंच गई हैं। अभी तक इस हमले में किसी के हताहत होने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि उन्होंने पोकलाड को हमले का जवाब तैयार करने का भी निर्देश दिया है।

‘सेना इस जवाबी कार्रवाई में मदद करेगी’
जेलेंस्की ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा,’मैंने पोकलाड को निर्देश दिया है कि जब सब कुछ तैयार हो जाए, तो रूसियों को उचित और ठोस जवाब दें और जहां संभव हो, ऐसा जवाब दें जो इस हमले जैसा ही हो। हमारी सेना इस जवाबी कार्रवाई में मदद करेगी।

धमाके के बाद गोल्डन गेट इलाके में छाया धुआं
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि स्थानीय समयानुसार दोपहर करीब 3:30 बजे धमाके की आवाज सुनाई दी। इसके बाद ऐतिहासिक केंद्र में गोल्डन गेट के आसपास के इलाके से घना धुआं उठता दिखाई दिया। कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने शुरुआत में बताया था कि शहर के शेवचेंकिव्स्की जिले में एक गैर-आवासीय इमारत की छत पर ड्रोन गिरने के बाद आग लग गई। उन्होंने कहा कि आपातकालीन सेवाओं की टीमें घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं।

Search