Home » लिफ्ट के बहाने युवक को चाकू दिखाकर लूटा, मोबाइल से  जबरन ट्रांसफर कराए 4 हजार
छत्तीसगढ़

लिफ्ट के बहाने युवक को चाकू दिखाकर लूटा, मोबाइल से  जबरन ट्रांसफर कराए 4 हजार

जांजगीर-चांपा। लिफ्ट देने के बहाने युवक को रास्ते में रोककर चाकू दिखाकर लूटने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने युवक से जबरन 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए और उसका मोबाइल भी छीन लिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल, घटना में इस्तेमाल चाकू और पेचकस बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, कन्हाईबंद निवासी मुकेश पटेल ने नैला चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 30 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे वह नैला की देसी शराब दुकान गया था। वहां से मोटरसाइकिल से घर लौटते समय दो युवकों ने उससे लिफ्ट मांगी।

कुछ दूर जाने के बाद दोनों युवकों ने बाइक रुकवाई और मुकेश को चाकू दिखाकर रुपए मांगने लगे। मुकेश के पास नकद रकम नहीं होने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और मोबाइल छीन लिया।

इसके बाद आरोपियों ने मोबाइल के जरिए जबरदस्ती 4 हजार रुपए ऑनलाइन ट्रांसफर कराए। वारदात के बाद दोनों मोबाइल लेकर मौके से फरार हो गए।

तकनीकी जांच से दोनों आरोपियों तक पहुंची पुलिस

शिकायत के बाद नैला चौकी पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने दो संदिग्धों की पहचान की। हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर शरद कुमार सूर्यवंशी (23) और भानुप्रताप सूर्यवंशी (23) ने लूट और मारपीट की वारदात कबूल कर ली।

मोबाइल, चाकू और पेचकस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मुकेश का 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू और पेचकस बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Search