Home » राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पर अल्वी की टिप्पणी से भड़की भाजपा, कांग्रेस को बताया ‘दिमागी नक्सली’
दिल्ली-एनसीआर

राम मंदिर ट्रस्ट के सीईओ पर अल्वी की टिप्पणी से भड़की भाजपा, कांग्रेस को बताया ‘दिमागी नक्सली’

नई दिल्ली। भाजपा ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राशिद अल्वी के उस बयान पर पलटवार किया जिसमें उन्होंने सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्र को श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का सीईओ बनाए जाने पर टिप्पणी की थी। भाजपा का आरोप है कि यह टिप्पणी विपक्षी पार्टी की ‘दिमागी नक्सल’ सोच को दर्शाती है, जो भारतीय सेना और अयोध्या में राम मंदिर का अपमान करती है।

कांग्रेस ने लगाए थे गंभीर आरोप

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पहले सीईओ के रूप में जितेंद्र मिश्र की नियुक्ति पर कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने सवाल उठाए थे। अल्वी ने संदेह जताया कि क्या ‘आपरेशन सिंदूर’ के पीछे कोई छुपा हुआ सच है, जिसके चलते मिश्र को यह पद दिया गया है। उन्होंने यह भी सवाल किया कि मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपितों के नाम अब तक क्यों उजागर नहीं किए गए।

भाजपा ने किया पलटवार

इस बयान पर पलटवार करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि अल्वी का यह “शर्मनाक” बयान भारतीय सेना और अयोध्या स्थित राम मंदिर का अपमान करने वाली कांग्रेस की “दिमागी नक्सली” और “मुस्लिम लीग-माओवादी” मानसिकता को उजागर करता है। उन्होंने कहा कि ऐसी टिप्पणियां यह साबित करती हैं कि सशस्त्र बलों और ‘आपरेशन सिंदूर’ पर संदेह जताना इस पार्टी की फितरत बन चुकी है।

Search