दिल्ली में पिछले तीन दिनों से रह-रहकर लगातार हो रही बारिश के बीच मोती बाग स्थित सत्य निकेतन में एक इमारत जमींदोज हो गई। दोपहर 1.33 बजे पुलिस व दमकल की टीम को खबर दी गई। सूचना मिलते ही दमकल की टीम व पुलिस मौके पर पहुंची। हालात देखकर मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों को बुलाने की बात की गई। इमारत में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है।
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि अन्य लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। दिल्ली फायर सर्विसेज के मुख्य अग्निशमन अधिकारी के मुताबिक, हादसे के बाद मलबे में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। हालांकि, आशंका है कि कुछ अन्य लोग भी मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं। बचाव दल लगातार मलबा हटाकर संभावित लोगों की तलाश कर रहे हैं।
मौके पर पहुंचीं 12 फायर टेंडर : अधिकारियों के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही दिल्ली फायर सर्विसेज की 12 फायर टेंडर मौके पर पहुंचीं। इनके साथ रेस्क्यू टीम और पुलिसकर्मी भी राहत एवं बचाव अभियान में जुटे हुए हैं। टीमें सावधानी से मलबा हटाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि कहीं कोई अन्य व्यक्ति अंदर तो नहीं फंसा है।







