Home » बीएसएफ कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक : सेंटर पर तोड़फोड़ और हंगामा, अब 18 को होगा एग्जाम
उत्तर प्रदेश

बीएसएफ कांस्टेबल परीक्षा का पेपर लीक : सेंटर पर तोड़फोड़ और हंगामा, अब 18 को होगा एग्जाम

कानपुर। चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर स्थित एमडी इन्फोटेक परीक्षा केंद्र पर बुधवार को आयोजित बीएसएफ कांस्टेबल (मिनिस्ट्रियल) की परीक्षा हंगामे और बवाल की भेंट चढ़ गई। तकनीकी खामियों, बिना चेकिंग के प्रवेश और पेपर लीक होने के गंभीर आरोपों के बीच परीक्षार्थियों ने केंद्र पर जमकर तोड़फोड़ और प्रदर्शन किया।

करीब चार घंटे चले हाई-वोल्टेज ड्रामे के बाद आखिरकार प्रशासन और बीएसएफ अधिकारियों के हस्तक्षेप से परीक्षा रद्द कर दी गई। परीक्षा देने पहुंचे छात्र-छात्राओं का आरोप था कि पहली पाली की परीक्षा शुरू होते ही करीब 40 मिनट तक सिस्टम बंद रहे। जब सिस्टम चालू हुए तो कीबोर्ड और माउस काम नहीं कर रहे थे, केवल सीपीयू चालू था। परीक्षा हॉल में न तो लाइट थी और न ही पंखे चल रहे थे।

नहीं मिला संतोषजनक जवाब :  मुंबई से परीक्षा देने पहुंची छात्रा शालिनी बागुन ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि सेंटर पर परीक्षार्थियों को बिना किसी चेकिंग के सीधे अंदर एंट्री दे दी गई थी। बारिश और उमस के बीच छात्रों ने जब पावर कट और अन्य समस्याओं की शिकायत की, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला, जिससे छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और तोड़फोड़ शुरू कर दी।

भारी पुलिस फोर्स और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर :  छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह, एसीपी चकेरी आशुतोष कुमार सिंह के अलावा चकेरी, कैंट, जाजमऊ, नौबस्ता और रेलबाजार थानों का भारी पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। आक्रोशित छात्र इस बात पर अड़े हुए थे कि जब तक बीएसएफ के आधिकारिक पोर्टल पर अगले एग्जाम की नई तारीख नहीं आ जाती, वे हंगामा खत्म नहीं करेंगे।

Search