पुलिस ने जारी किया हुलिया
कोरबा। जिले के मानिकपुर चौकी क्षेत्र अंतर्गत डंपर फाटक के पास यात्री ट्रेन की चपेट में आने से करीब 65 से 70 वर्षीय अज्ञात बुजुर्ग की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बुजुर्ग के शरीर के कई टुकड़े हो गए। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
ट्रैक पार करते समय आया ट्रेन की चपेट में
जानकारी के अनुसार अज्ञात बुजुर्ग रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। इसी दौरान वे यात्री ट्रेन की चपेट में आ गए। टक्कर के बाद उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। मृतक ने कपड़े और माला पहन रखी थी। उनके हाथ में घड़ी भी थी। पुलिस ने पहचान के लिए इन हुलियों और अन्य उपलब्ध जानकारी को सुरक्षित रखा है।
सोशल मीडिया और मुनादी से पहचान की कोशिश
घटना की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस और रेलवे आरपीएफ मौके पर पहुंची। शव के टुकड़ों को एकत्र कर आवश्यक कार्यवाही की गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान के लिए पुलिस सोशल मीडिया पर फोटो और हुलिया प्रसारित कर रही है। इसके अलावा आसपास की बस्तियों में मुनादी कराकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। अभी तक कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के लिए सामने नहीं आया है। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है कि उक्त बुजुर्ग को पहले किसी ने देखा था या वह इलाके में भटक रहे थे। फिलहाल पुलिस इसे प्रथम दृष्टया हादसा मानकर सभी पहलुओं से जांच कर रही है।







