कोरबा। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के खोडरी मोड़ के पास मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत में पिता-पुत्र समेत दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम सराइसिंगार निवासी फूल सिंह पिता दौलत सिंह, नरसिंह सिंह पिता फूल सिंह और यशवंत सिंह पिता स्वर्गीय कमल सिंह मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 12 बीजे 5644 पर सवार होकर सराइसिंगार से गेवरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान खोडरी मोड़ के पास विपरीत दिशा से आ रही स्कॉर्पियो क्रमांक सीजी 12 बीयू 2420 से बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार फूल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल नरसिंह सिंह ने भी उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में पिता और पुत्र दोनों की मौत होने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं हादसे में घायल यशवंत सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है। डायल-112 की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कुसमुंडा पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का मर्ग पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे की परिस्थितियों और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
पिता-पुत्र की एक साथ मौत की खबर मिलते ही सराइसिंगार गांव में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल है। इस दर्दनाक हादसे ने एक परिवार से एक साथ दो जिंदगियां छीन लीं।







