ब्लॉक समन्वयक को जिला पंचायत में किया गया अटैच, जल्द ही मामला होगा पुलिस के सुपुर्द
कोरबा। जनपद पंचायत कोरबा के सांसद आदर्श ग्राम पंचायत तिलकेजा में हुए पीएम आवास घोटाले के उजागर होने के बाद कार्यवाही शुरू हो गई है। जिला पंचायत सीईओ ने पहली कार्यवाही के तौर पर ग्राम सचिव को निलंबित करते हुए ब्लॉक समन्वयक को जिला पंचायत अटैच कर दिया है, वहीं जल्द ही सरपंच और अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ भी कार्यवाही होगी।
ग्राम पंचायत तिलकेजा में फर्जी ग्रामसभा आयोजित कर पूर्व के वर्षों में पीएम आवास के लिए अपात्र घोषित हुए ग्रामीणों को पात्र बना देने का आरोप हैं। इनमें लगभग 11 ऐसे हितग्राही भी थे, जिनका निधन हो चुका है। इस मामले की शिकायत के बाद जांच हुई और प्रारंभिक रिपोर्ट मिलने के बाद कार्यवाही शुरू की गई है।
जिला पंचायत कोरबा के सीईओ आईएएस प्रतीक जैन ने मीडिया से चर्चा में बताया कि कोरबा जनपद अंतर्गत ग्राम पंचायत तिलकेजा में 48 अयोग्य हितग्राहियों के नाम से पीएम आवास स्वीकृत और राशि आहरित होने की शिकायत मिली थी। प्रथम दृष्टया यह गड़बड़ी पंचायत से ही शुरू हुई है। इस वजह से पंचायत सचिव नविता दूबे को निलंबित कर दिया गया है, वहीं पीएम आवास के ब्लाक समन्वयक को जिला पंचायत अटैच किया गया है। मामले की पूरी जांच के लिए तीन सदस्यीय जांच टीम का गठन किया गया है। राशि की वसूली के साथ दोषी अधिकारी व कर्मचारियों पर एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।







