सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के दौरान सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भेज्जी थाना क्षेत्र के भंडारपदर और मुनुरकोंडा के जंगल-पहाड़ी इलाके में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। संयुक्त टीम ने डंप की सघन तलाशी लेकर बड़ी संख्या में हथियार, जिंदा कारतूस, विस्फोटक और अन्य नक्सली उपयोगी सामग्री बरामद की है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों की सूचना पर शुरू हुई सर्चिंग
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुकमा के जंगल और दुर्गम इलाकों में लगातार एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली अहम जानकारी के आधार पर भंडारपदर और मुनुरकोंडा क्षेत्र में अभियान चलाया गया।
जंगल में छिपा मिला नक्सलियों का डंप
24 अगस्त को भंडारपदर के जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग के दौरान संयुक्त टीम को नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डंप का पता चला। जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम ने इलाके की सघन तलाशी ली। इस दौरान ऑटोमेटिक हथियारों के साथ विभिन्न देशी हथियार, बीजीएल लॉन्चर, बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस और विस्फोटक सामग्री बरामद हुई।
SLR, देसी रायफल और 6 BGL लॉन्चर बरामद
बरामद सामग्री में 1 SLR रायफल, 1 .315 बोर रायफल, 1 .410 मस्केट रायफल, 6 BGL लॉन्चर, 1 सिंगल शॉट रायफल, 1 .315 बोर देसी कट्टा और 5 नग 12 बोर रायफल शामिल हैं। इसके अलावा 7 भरमार बंदूकें भी बरामद की गई हैं।
AK-47 और SLR के सैकड़ों जिंदा कारतूस मिले
सुरक्षाबलों को डंप से बड़ी मात्रा में जिंदा कारतूस भी मिले हैं। इनमें AK-47 के 45, SLR के 196, इंसास रायफल के 89, .303 रायफल के 97, .315 रायफल के 20 और 12 बोर रायफल के 45 जिंदा राउंड शामिल हैं। इसके अलावा 66 BGL कार्ट्रिज भी बरामद किए गए।
240 जिलेटिन स्टिक समेत भारी मात्रा में विस्फोटक
बरामदगी में 240 जिलेटिन स्टिक, 5 देसी हैंड ग्रेनेड, 8 बड़े BGL सेल, 23 मीडियम BGL सेल और 58 छोटे BGL सेल शामिल हैं। इसके साथ 18 किलो गन पाउडर, 6 एक्सीलेटर प्लग और 40 टाइगर बम पटाखे भी बरामद किए गए हैं।
हथियारों के साथ नक्सली उपयोग की अन्य सामग्री भी मिली
सर्चिंग टीम को हथियार और विस्फोटकों के अलावा 18 मैगजीन पाउच, 7 BGL पाउच, 7 जोड़ी काली वर्दी, 10 कमर पाउच, 5 नीले ड्रम, 32 काले और 22 हरे कमर बेल्ट, 11 व्हिसल गार्ड, 7 मंकी कैप, 2 वेल्डर शील्ड और 2 सोलर प्लेट भी मिले हैं।
खाली खोखे और अन्य सामग्री भी बरामद
डंप से AK-47 के 31 खाली खोखे, .303 रायफल के 2 और 12 बोर रायफल के 10 खाली खोखे भी बरामद किए गए। इसके अलावा पिट्टु बैग, रिबन, कपड़ा चैन, दैनिक उपयोग की सामग्री और दवाइयां भी टीम को मिली हैं।
नक्सल डंप के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
सुकमा पुलिस के मुताबिक, जिले में शांति, सुरक्षा और विकास का वातावरण बनाए रखने के लिए जंगलों और दुर्गम क्षेत्रों में नक्सलियों द्वारा पहले से छिपाकर रखे गए हथियार एवं अन्य सामग्री के डंप की तलाश लगातार जारी रहेगी। सुरक्षाबलों की इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत अहम सफलता माना जा रहा है।







