मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में छत्तीसगढ़ के कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है। वहीं, राजधानी रायपुर में बारिश के बाद निचली बस्तियों में पानी भर गया है।
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसूनी गतिविधियां एक बार फिर से एक्टिव हो गई हैं। राजधानी रायपुर समेत प्रदेश ज्यादातर जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक बारिश का दौर जारी रहेगा। इस दौरान कई इलाकों में भारी बारिश तो कुछ जगहों पर मध्यम या फिर हल्की बारिश का संभावना है।
सुकमा जिले में पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई नदी-नालों का जलस्तर बढ़ गया है और पुलों के ऊपर से पानी बह रहा है। जगरगुंडा से सिलगेर जाने वाले मार्ग पर नदी का पानी पुल के ऊपर से बह रहा है। इसके कारण इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बंद हो गया है। वहीं वेदरे नदी भी उफान पर है।
रायपुर में भी जोरदार बारिश : रविवार रात रायपुर में जोरदार बारिश हुई। जोरदार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया। भारी बारिश के कारण एक बार फिर से नगर निगम के दावों की पोल खुल गई है। निचली बस्तियों में पानी भर गया।
कैसा रहेगा अगले 24 घंटे का मौसम : छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में प्रदेश के कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना जताई है। इसके साथ ही कुछ जगह गरज-चमक के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट है।
2 दिनों तक भारी बारिश : मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में अगले 2 दिनों में ज्यादातर स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। जबकि कहीं-कहीं भारी से अति भारी बारिश और बिजली गिरने की भी संभावना है। रायपुर, सुकमा, दुर्ग, पेंड्रा समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है।







