गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। एक शराबी की अजीबो-गरीब हरकत सामने आई है। गौरेला थाना क्षेत्र के भदौरा गांव में शराब के नशे में एक ग्रामीण पड़ोसी के घर में घुसे जहरीले सांप को पकड़ लिया। इसके बाद उसे अपने गले डालकर गांव में घूमता रहा। इस दौरान सांप ने उसे कई बार डसा लेकिन नशे की हालत में वह खतरे की गंभीरता को समझ नहीं पाया। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
कुछ समय बाद जब संतराम की तबीयत बिगड़ने लगी और शरीर पर सांप के जहर का असर दिखाई देने लगा तो आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालांकि बताया जा रहा है कि बाद में संतराम मौका पाकर अस्पताल से निकल गया और उसके बाद से उसका पता नहीं चल पाया है। परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। अस्पताल से चले जाने के बाद उसकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। समय पर इलाज नहीं मिलने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।







