वाशिंगटन। 29 अमेरिकी राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाले वकीलों ने मेटा पर अंदरूनी रिसर्च को छिपाने का आरोप लगाया है। ‘द गार्डियन’ की रिपोर्ट के अनुसार, इस रिसर्च में कथित तौर पर पाया गया था कि इंस्टाग्राम किशोरों के लिए लत लगाने वाला हो सकता है। ये आरोप तब लगाए गए जब कैलिफोर्निया के ओकलैंड में एक फेडरल कोर्ट में मेटा के खिलाफ एक बड़ी कानूनी लड़ाई शुरू हुई।
इस मुकदमे की सुनवाई छह से आठ हफ्ते तक चलने की उम्मीद है। मुकदमे के अनुसार, मेटा ने जानबूझकर इंस्टाग्राम और फेसबुक के ऐसे फीचर्स बनाए, जिनसे युवा यूजर्स एप से जुड़े रहें, जबकि उन्हें पता था कि इनमें से कुछ फीचर्स उनकी मानसिक सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
कैलिफोर्निया की डिप्टी अटॉर्नी जनरल मेगन ओ’नील ने जूरी को बताया कि खतरों के बारे में पता होने के बावजूद मेटा ने कोई कदम नहीं उठाया।
बच्चों की सेहत और भलाई सबकी मिली-जुली जिम्मेदारी- ओ’नील
ओ’नील ने कहा कि जूरी के चयन के दौरान आपमें से कई लोगों से मैंने सुना कि बच्चों की सेहत और भलाई सबकी मिली-जुली जिम्मेदारी है। मेटा ने अपनी जिम्मेदारी नहीं निभाई। वकील मेटा की जांच के दौरान मिले अंदरूनी दस्तावेज और गवाही पेश करेंगे।







