कोरबा/छुरी। एक बार फिर छुरी स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के स्कूली बच्चों ने अपनी मांगों को लेकर आंदोलन किया। बड़ी संख्या में छात्र सुबह करीब 7 बजे पढ़ाई छोड़कर छुरी पंचायत के सामने कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर बैठ गए और चक्का जाम कर दिया।
करीब चार घंटे तक चले आंदोलन के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। बाद में एसडीएम की ओर से लिखित शिकायत लेने और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद छात्रों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया।
एक महीने में तीसरी बार आंदोलन : एकलव्य आवासीय विद्यालय के बच्चों का एक महीने के भीतर यह तीसरा आंदोलन है। इससे पहले एक कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने विधायक का घेराव किया था। इसके बाद उन्होंने सड़क पर उतरकर चक्का जाम भी किया था। अब एक बार फिर मांगें पूरी नहीं होने से नाराज छात्रों ने सड़क पर बैठकर आंदोलन शुरू कर दिया।
प्रिंसिपल और छात्रावास अधीक्षक को हटाने की मांग : छात्रों की मुख्य मांग स्कूल के प्रिंसिपल डॉ. अरसद अहमद अली और छात्रावास अधीक्षक को तत्काल हटाने की है। छात्रों का आरोप है कि प्रिंसिपल के खिलाफ कई गंभीर शिकायतें हैं। इसके अलावा स्कूल में मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण भी उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पहले भी कई बार आंदोलन और ज्ञापन दे चुके हैं लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें दोबारा सड़क पर उतरना पड़ा।
चक्का जाम की सूचना मिलने के बाद सहायक आयुक्त, अपर कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर और थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर छात्रों से बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने छात्रों को उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
चार घंटे बाद खत्म हुआ चक्का जाम : छात्र सुबह करीब 7 बजे से आंदोलन पर बैठे थे। करीब चार घंटे तक चले चक्का जाम के दौरान कोरबा-कटघोरा मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा। बाद में एसडीएम के समक्ष लिखित शिकायत दिए जाने और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने चक्का जाम समाप्त कर दिया। आंदोलन समाप्त होने के बाद मार्ग पर यातायात सामान्य हुआ। हालांकि छात्रों की मांगों को लेकर प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है।