जांजगीर-चांपा। पामगढ़ पुलिस ने कार्यवाही करते हुए नकली नोट के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 500-500 के 172500 रूपए, कलर प्रिंटर, पेपर कटर, मोटर सायकल व मोबाइल जप्त किया है।
जानकारी के अनुसार मुखबिर से पुलिस को सूचना मिली थी कि बस स्टैंड मेऊभाठा थाना पामगढ़ के पास वृंदा उर्फ संजू रत्नाकर निवासी भिलौनी नकली नोट रखा हुआ है। वृंदा उसे खपाने के लिए घूम रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुए वृंदा उर्फ संजू रत्नाकर उम्र 38 वर्ष को हिरासत में लिया। जांच करने पर उसके कब्जे से विभिन्न सीरीज के 500 रुपए के नकली नोट 14000 हजार रुपए, मोबाइल तथा मोटर सायकल सीजी 11एएच. 5861 को जप्त किया। पूछताछ में साथी रामसागर बंजारे उम्र 36 वर्ष निवासी डोंगाकोहरोद के साथ मिलकर अपने-अपने घर में 500 रुपए के नकली नोट छापकर बाजार में खपाना बताया। पुलिस ने निशानदेही पर वृंदा उर्फ संजू रत्नाकर के कब्जे से 500 रुपए के 249 नकली नोट कीमती 124500 रुपए तथा रामसागर बंजारे उम्र 26 वर्ष निवासी डोंगाकोहरोद के कब्जे से 500 रुपए के 96 नकली नोट कीमती 48000 रुपए कुल जुमला 345 नकली नोट कीमती 172500 रुपए जब्त किया गया। साथ ही नोट छापने के कलर प्रिंटर, पेपर कटर तथा घटना में उपयोग किये मोटर सायकल व मोबाइल जप्त किया गया है। मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।







