Home » छात्रा को धमकाकर वसूली : 14.5 लाख रुपये व आधा किलो सोना हड़पा, चार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी एएसआई का पुत्र
बिलासपुर

छात्रा को धमकाकर वसूली : 14.5 लाख रुपये व आधा किलो सोना हड़पा, चार गिरफ्तार, मुख्य आरोपी एएसआई का पुत्र

बिलासपुर। बिलासपुर में 12वीं में पढ़ने वाली 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को धमकाकर उससे 14.5 लाख रुपये और आधा किलो सोना हड़पने का मामला सामने आया है। मामले में चार आरोपी को पुलिस ने दबोचा है।

आरोपी लगभग एक वर्ष से छात्रा को धमकाकर वसूली कर रहे थे। मुख्य आरोपी बिलासपुर में पदस्थ एएसआई धर्मेंद्र यादव का पुत्र है, जबकि छात्रा भी पुलिस आरक्षक की पुत्री है। इस मामले में दो अन्य आरोपी फरार हैं।

नगर के सेलिब्रेशन होटल में अपने दोस्तों के साथ  आयुष यादव (22) खूब खर्चे कर रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने उसे पकड़कर पूछताछ की। उसके पास से सोने की चेन व अंगूठी मिली। मुख्य आरोपी आयुष ने पुलिस के समक्ष स्वीकारा कि वह छात्रा को धमकाकर वसूली कर रहा था।

थाने बुलाए जाने पर छात्रा ने कहा कि वह डर गई थी, इसलिए उसने घर में किसी को कुछ नहीं बताया। छात्रा ने पुलिस को बताया कि एक साल पहले वह एटीएम से पैसे निकाल रही थी, तभी आरोपी वहां पहुंचे। उस समय उसके साथ उसका छोटा भाई भी था।

आरोपियों ने छोटे भाई को मारने की धमकी देकर उससे 10 हजार रुपये ले लिए। फिर कभी छात्रा को मारने, कभी पूरे उसके पूरे परिवार को मारने की धमकी देकर वसूली करते रहे।

धमकाकर लिए रुपये से खरीदी एक्टिवा जब्त

गिरफ्तार आरोपियों में आयुष यादव(22), आदर्श शर्मा (19), प्रिंस साहू (18) और आदित्य पांडेय (19) निवासी बिलासपुर शामिल हैं। आरोपियों के पास से पुलिस ने छात्रा के पैसे से खरीदी गई एक्टिवा को जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी आयुष के खिलाफ हत्या के प्रयास के दो मामलों समेत छह अपराध दर्ज हैं। गिरफ्तार अन्य आरोपियों का रिकार्ड भी ढूंढा जा रहा है।

Search

Archives