Home » खेत में रोपा करते समय हादसा : आकाशीय बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत
कोरबा

खेत में रोपा करते समय हादसा : आकाशीय बिजली गिरने से 3 किसानों की मौत

कोरबा। जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच कटघोरा क्षेत्र से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। शनिवार को कटघोरा थाना क्षेत्र के सलोरा छुरी गांव में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे तीन किसानों की मौत हो गई। घटना छुरी बकरा बाजार सब-स्टेशन के पीछे स्थित खेत में हुई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार को गांव के 25 से 30 लोग एक साथ खेत में रोपा का काम कर रहे थे। दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली और बारिश शु रू हो गई। तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने से इसकी चपेट में आए तीन किसान गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद खेत में अफरा-तफरी मच गई। अन्य किसानों ने तुरंत तीनों को आनन-फानन में सीएचसी कटघोरा पहुंचाया। वहां मौजूद डॉक्टरों ने जांच के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान बहुरंन पाटले, लक्ष्मी चंद पटेल और श्याम साहू के रूप में हुई है। तीनों छुरी गांव के निवासी थे और आपस में रिश्तेदार भी थे। मृतक के एक बेटे ने बताया कि खेत पर काफी लोग काम कर रहे थे। अचानक बारिश के साथ बिजली चमकने लगी। उसी समय मेरे पिता, चाचा और रिश्ते में दादा लगने वाले की मौत हो गई।

Search

Archives