जांजगीर-चांपा । शेयर बाजार में निवेश के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। चांपा पुलिस ने 2 करोड़ 4 लाख 97 हजार 502 रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।
दोनों ने शेयर ट्रेडिंग में रकम दोगुनी करने का भरोसा दिलाया। उन्होंने बैंक से लोन और अन्य लोगों से चेक व आरटीजीएस के माध्यम से 2.04 करोड़ रुपये से अधिक अपने खातों में जमा करा लिए। आरोपियों ने निवेशकों को केवल 39 लाख 99 हजार 400 रुपये वापस किए। शेष राशि लौटाने में वे टालमटोल करते रहे और बाद में फरार हो गए।
फरार आरोपी दंपती गिरफ्तार : मामला दर्ज होने के बाद चांपा पुलिस ने जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई हुई। पुलिस टीम ने नया रायपुर में दबिश देकर हरिशंकर गुप्ता (43) और रेखा गुप्ता (42) को पकड़ा। पूछताछ में दोनों ने ठगी की बात स्वीकार कर ली।







