Home » रैली में घायल पुलिस जवानों से अस्पताल में मिले पुलिस कमिश्नर, हालचाल पूछा
छत्तीसगढ़

रैली में घायल पुलिस जवानों से अस्पताल में मिले पुलिस कमिश्नर, हालचाल पूछा

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास घेराव को लेकर रायपुर में हुए प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर घायल हुए पुलिसकर्मियों का हालचाल जानने के लिए पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने भर्ती जवानों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और चिकित्सकों से उपचार की जानकारी लेकर सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बुधवार को कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के आमने-सामने आने से प्रदर्शन के दौरान तनावपूर्ण स्थिति बन गई थी। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग कर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रखी थी। इसी दौरान भीड़ की ओर से कथित रूप से पत्थर और बोतलें फेंकी गईं, जिससे ड्यूटी पर तैनात 16 पुलिस जवान घायल हो गए। घायलों में एक महिला आरक्षक भी शामिल है, जबकि दो पुलिसकर्मियों को गंभीर चोटें आई हैं।
घायल जवान कलेश्वर वर्मा ने बताया कि बैरिकेडिंग के दौरान भीड़ में फंसने से उन्हें सांस लेने में दिक्कत हुई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं प्रशिक्षु उप निरीक्षक देवराज सिंह के सिर पर बोतल लगने से गंभीर चोट आई, जिनका उपचार चिकित्सकीय निगरानी में जारी है।
पुलिस कमिश्नर ने अस्पताल में डॉक्टरों से सभी घायलों की स्थिति की जानकारी ली और आवश्यक उपचार में किसी तरह की कमी नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने जवानों का हौसला बढ़ाते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की। पुलिस के अनुसार, अन्य घायल आरक्षकों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इस दौरान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी अस्पताल में मौजूद रहे।

Search

Archives