कोरबा। थाना उरगा पुलिस द्वारा हत्या के गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
सोमवार को थाना उरगा क्षेत्र के ग्राम भैंसमुड़ा कुदरीपारा से सूचना प्राप्त हुई कि एक महिला की उसके पति द्वारा मारपीट किए जाने से मृत्यु हो गई है। सूचना पर थाना उरगा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची एवं जांच प्रारंभ की गई।जांच के दौरान मृतिका के परिजनों एवं प्रत्यक्षदर्शियों के कथनों से ज्ञात हुआ कि मृतिका अग्घन बाई धनवार एवं उसका पति परदेशी राम धनवार विगत कुछ दिनों से ग्राम भैंसमुड़ा में रह रहे थे। आरोपी शराब के नशे में आए दिन पत्नी के साथ विवाद एवं मारपीट करता था।
शराब के नशे में किया जानलेवा हमला : प्रारंभिक जांच में सामने आया कि दिनांक 19 एवं 20 जुलाई की दरमियानी रात्रि आरोपी ने शराब के नशे में पत्नी से विवाद किया तथा घर में रखे बांस के डंडे से उसके सिर एवं शरीर पर गंभीर प्रहार किए। गंभीर चोट लगने से महिला की मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर वैज्ञानिक एवं विधिसम्मत विवेचना प्रारंभ की।
आरोपी से पूछताछ में जुर्म स्वीकार : पुलिस द्वारा संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान आरोपी परदेशी राम धनवार (उम्र 41 वर्ष) ने पत्नी के साथ मारपीट कर बांस के डंडे से हमला करना स्वीकार किया। आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद किया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।







