बिलासपुर में एक महिला शिक्षिका साइबर ठगी का शिकार हुई हैं। उन्हें बदनाम करने और एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी गई। ठगों ने उनसे 76,500 रुपये की ऑनलाइन ठगी की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात मोबाइल धारक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
अधिकारी बनकर कॉल करने वाले ने कहा कि शिक्षिका के मोबाइल से अश्लील वीडियो देखे गए हैं। उसने एफआईआर दर्ज होने की धमकी दी। साथ ही वीडियो वायरल कर सामाजिक प्रतिष्ठा खराब करने की भी धमकी दी। शिक्षिका डर गईं और बदनामी के डर से आरोपी के बताए क्यूआर कोड पर पैसे ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने फोनपे के माध्यम से अलग-अलग किस्तों में कुल 76,500 रुपये भेजे।
पुलिस की कार्रवाई और अपील : ठगी का एहसास होने पर शिक्षिका ने तत्काल साइबर सेल में शिकायत की। साइबर टीम ने कार्रवाई करते हुए 28,993.13 रुपये की राशि होल्ड करा दी। इसके बाद पीड़िता ने सिविल लाइन थाने में लिखित शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अनजान कॉल पर डरकर पैसे ट्रांसफर न करें। गिरफ्तारी, एफआईआर या अश्लील सामग्री के नाम पर पैसे मांगने वालों की बातों में न आएं। तुरंत साइबर सेल या पुलिस थाने में शिकायत करें।







