एक की मौत, दूसरा गंभीर
बिलासपुर। पचपेड़ी थाना क्षेत्र में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल में उपचार जारी है। हादर से बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार लोहर्सी निवासी बरन भानु 50 वर्ष पिता स्वर्गीय रोहित भानु अपने मित्र बंशी श्रीवास के साथ गुरूवार दोपहर करीब 3 बजे स्कूटी सीजी 22 एई 0512 से मल्हार जा रहे थे।
बताया जा रहा है कि परिवार में होने वाली शादी के लिए दहेज में देने के लिए टीवी खरीदने दोनों मल्हार जा रहे थे। इसी दौरान पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी मोड़ के पास मल्हार की ओर से आ रही हाईवा सीजी 22 जे 8196 ने सामने से उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना राहगीरों ने तत्काल डॉयल 112 और पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को मस्तूरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर दोनों को बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह बरन भानु ने दम तोड़ दिया, जबकि बंशी श्रीवास की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पचपेड़ी पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच करते हुए दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।







