₹15 लाख ट्रांसफर को लेकर बड़ा विवाद
रायपुर। उत्तर प्रदेश के प्रशासनिक महकमे से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। हापुड़ की जिलापूर्ति अधिकारी (डीएसओ) और 2017 बैच की पीसीएस अधिकारी डॉ. सीमा चौधरी के खिलाफ उनकी मां मुनेश रानी की शिकायत पर सहारनपुर के सरसावा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। डीआईजी के निर्देश पर पुलिस ने कुल पांच लोगों के खिलाफ जमीन हड़पने, धोखाधड़ी और कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न आरोपों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मां ने लगाए ये आरोप
शिकायतकर्ता मुनेश रानी का आरोप है कि उनकी बेटी और अन्य लोगों ने मिलकर उनकी जमीन हड़पने की साजिश रची। शिकायत के अनुसार, उनके नाम से बैंक खाता खुलवाया गया, जिसमें उनकी जानकारी के बिना 15 लाख रुपये का लेनदेन किया गया। साथ ही सितंबर 2023 की एक कथित फर्जी रसीद पर उनके जाली हस्ताक्षर किए गए। शिकायत में यह भी कहा गया है कि विरोध करने पर संपत्ति बेचने का दबाव बनाया गया और जान से मारने की धमकी दी गई।
पहले भी विवादों में रह चुकी हैं
मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, डॉ. सीमा चौधरी पहले गाजियाबाद में जिला पूर्ति अधिकारी रहते हुए भी राशन वितरण में कथित अनियमितताओं को लेकर विवादों में रह चुकी हैं।
सीमा चौधरी ने क्या कहा?
डॉ. सीमा चौधरी ने मीडिया से बातचीत में अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को झूठा और बेबुनियाद बताया है। उनका कहना है कि उन्हें इस तरह के किसी मुकदमे की आधिकारिक जानकारी नहीं है और उनके अपनी मां के साथ अच्छे संबंध हैं। फिलहाल मामला जांच के अधीन है। शिकायत में लगाए गए आरोपों की सत्यता का अंतिम निर्णय पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।







