नईदिल्ली । दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एक बड़े अंतरराज्यीय ऑपरेशन में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई समर्थित आतंकी और हथियार तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस मामले में पंजाब और दिल्ली से चार आंतकियों को गिरफ्तार किया है, जो पाकिस्तानी हैंडलर के इशारे पर राजधानी को दहलाने की साजिश रच रहे थे। पकड़े गए आतंकियों के पास से तुर्की मेड जिगाना पिस्टल समेत दो विदेशी पिस्टल, नौ कारतूस और पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
स्पेशल सेल के डीसीपी प्रवीण कुमार त्रिपाठी के मुताबिक एसीपी विवेक कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर सतीश राणा और इंस्पेक्टर अशोक की टीम को तकनीकी और खुफिया इनपुट मिले थे कि पाकिस्तान में बैठा आईएसआई हैंडलर शाहजाद भट्टी अपने सहयोगियों के साथ मिलकर दिल्ली एनसीआर में किसी बड़ी आतंकी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके लिए उसने पंजाब के स्थानीय युवाओं को अपने जाल में फंसाया था। शुरुआती जांच के बाद स्पेशल सेल ने भारतीय न्याय संहिता और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू की। इसके बाद दिल्ली और पंजाब में कई जगहों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की।
सबसे पहले पंजाब के अमृतसर (मजीठा रोड) से शुभदीप सिंह उर्फ विशाल को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से एक सेमी-आटोमैटिक पिस्टल, पांच कारतूस और दो मोबाइल मिले। पूछताछ में उसने कुबूल किया कि वह शाहजाद भट्टी नेटवर्क के पाकिस्तानी हैंडलर्स के सीधे संपर्क में था और ड्रोन के जरिए हथियार व ड्रग्स की खेप रिसीव करता था।







