बेंगलुरू। कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। गुरुवार सुबह बेंगलुरु साउथ तालुक के मादापट्टना इलाके में एक पत्थर की खदान में एक विशालकाय चट्टान ढह गई। इस हादसे में बिहार के रहने वाले 7 मजदूरों की मलबे में दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य मजदूर घायल हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, यह हादसा सुबह-सुबह उस समय हुआ जब मजदूर खदान में पत्थर तोड़ऩे और खुदाई के काम में लगे हुए थे। वहां मौजूद एक मजदूर ने बताया कि साइट पर करीब 18 लोग काम कर रहे थे, तभी अचानक लगभग 40 फीट की ऊंचाई से एक बहुत बड़ी चट्टान मजदूरों के ऊपर आ गिरी। सभी मृतक दिहाड़ी मजदूर थे और वहां स्टोन क्रेशर साइट पर काम करते थे।
पुलिस के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब मजदूर रोज की तरह खदान में पत्थर निकालने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक बड़ी चट्टान भरभराकर मजदूरों के ऊपर आ गिरी। चट्टान के मलबे में कई मजदूर दब गए। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस, दमकल विभाग और बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हादसे में जान गंवाने वाले सभी सात मजदूर बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि, मृतकों की पहचान और उनके गृह जिलों की पुष्टि की प्रक्रिया जारी है। पुलिस ने शवों को मलबे से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना देने की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद खदान में काम कर रहे अन्य मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे इलाके को घेर लिया है, ताकि किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे। अधिकारियों ने यह भी जांच शुरू कर दी है कि हादसा प्राकृतिक कारणों से हुआ या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही बरती गई थी। दुर्घटना के समय खदान में कई मजदूर मौजूद थे। राहत टीम ने मलबे की गहन तलाशी ली, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई अन्य व्यक्ति उसके नीचे दबा न हो। बचाव अभियान कई घंटों तक जारी रहा। हादसे की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी।







