Home » मंडी में चट्टान गिरने से महिला की मौत, सड़कें व बिजली बंद, शिमला में पुल ढहा
देश

मंडी में चट्टान गिरने से महिला की मौत, सड़कें व बिजली बंद, शिमला में पुल ढहा

धर्मशाला, ऊना। हिमाचल प्रदेश में मानसून की पहली बारिश ही आफत लाई है। भारी बारिश के कारण ऊना शहर में जलभराव हो गया है। ऊना के राजकीय प्राथमिक विद्यालय बहडाला में जलभराव हो गया। जिला मंडी में ओट के शनि मंदिर के पास नालागढ़ की एक महिला की पहाड़ से गिरी चट्टान की चपेट में आने से मौत हो गई। महिला बस से उल्टी करने के लिए बाहर निकली थी, इतने में हादसे का शिकार हो गई। मंडी जिला में 28 सड़क़ें बंद हो गई हैं। उधर, शिमला जिला के रामपुर में एक अस्थायी पुल बह जाने से तीन पंचायतों का संपर्क कट गया है।

जिला कांगड़ा के टांडा मेडिकल कॉलेज में एक बड़ा डंगा ढह गया है। इस कारण चिकित्सकों के आवास को खतरा पैदा हो गया है। यहां कभी भी कोई हादसा हो सकता है। जिला सिरमौर में बारिश से पांवटा साहिब व राजगढ़ में 44 बिजली ट्रांसफार्मर बंद हो गए हैं। सिरमौर जिले में भारी बारिश हो रही है। ऊना शहर के मध्य स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी सुबह केवल डेढ़ घंटे की बारिश से ही जलमग्न हो गई। फ्रेंड्स कॉलोनी का प्रवेश मार्ग पानी में डूब गया। कॉलोनी के जल निकासी के लिए बना एकमात्र नाला भी पूरी तरीके से बंद है। करीब 2 फीट पानी भर गया है।

प्रशासन की उदासीनता और पिछले वर्ष से किसी प्रकार का कोई सबक नहीं लिया गया। ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद स्कूल का यह पहला दिन था, लेकिन बारिश के कारण स्कूल परिसर और कई कक्षाओं में बरसाती पानी भर जाने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश शुरू होने के कुछ ही समय बाद परिसर में जलभराव की स्थिति बन गई। देखते ही देखते बरसाती पानी स्कूल की कक्षाओं तक पहुंच गया, जिससे कई कमरों में पानी भर गया। जलभराव के कारण विद्यार्थियों को कक्षाओं में बैठने में कठिनाई हुई और शिक्षण कार्य भी प्रभावित रहा।

Search

Archives