आईसीसी रैंकिंग में एक और बड़ा उलटफेर हो गया है। काफी लंबे वक्त से टॉप की कुर्सी पर काबिज अभिषेक शर्मा को अब इसे गंवाना पड़ा है। हालांकि राहत की बात ये है कि भारत के ही ईशान किशन अब पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। टीम इंडिया से बाहर किए गए पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी नुकसान हुआ है। वे अब टॉप 10 से बाहर होने की कगार पर पहुंच गए हैं। भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज के दौरान फिर से इसमें बदलाव होगा।
अभिषेक और ईशान के बीच रेटिंग का काफी कम अंतर : इस बीच बात अभिषेक शर्मा की करें तो उन्हें एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे अब पहले से दूसरे नंबर पर चले गए हैं। अभिषेक की रेटिंग घटकर 869 की हो गई है। हालांकि ईशान और अभिषेक के बीच रैंकिंग और रेटिंग का ज्यादा अंतर नहीं है, इसलिए जब दोनों बल्लेबाज इंग्लैंड टी20 सीरीज में उतरेंगे तो हो सकता है कि फिर से इसमें बदलाव हो जाए। इंग्लैंड सीरीज में पांच मैच होंगे।
सूर्यकुमार यादव को ना खेलने का नुकसान, एक स्थान नीचे खिसके : टीम इंडिया से बाहर किए गए सूर्यकुमार यादव को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे पहले सातवें नंबर पर थे, लेकिन अब आठवें पर पहुंच गए हैं। भारतीय टीम ने सूर्या के बगैर दो मैच खेल लिए हैं, इसलिए उनकी रेटिंग कम हुई है। इसका फायदा जॉस बटलर को मिला है। वे अब एक पायदान आगे निकलकर नंबर सात पर पहुंच गए हैं। जॉस बटलर की रेटिंग 716 की है और सूर्या की 708 की चल रही है। बाकी टी20 की रैंकिंग में टॉप 10 में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
आने वाले दिनों में फिर से बदलेगी रैंकिंग : अब भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टी20 मैचों की सीरीज शुरू होने जा रही है। इसका पहला मुकाबला एक जुलाई को खेला जाएगा। इस सीरीज के दौरान भारत और इंग्लैंड के खिलाड़ी जिस तरह का प्रदर्शन करेंगे, उसके आधार पर फिर से उनकी रैंकिंग में बदलाव होगा। जो काफी ज्यादा अहम होने जा रहा है।
A changing of the guard at the top of the ICC Men's T20I Batter Rankings, with further movement in the Test charts following a big week of #WTC27 action 😲
Details 👇https://t.co/KoXIJ9DBFk
— ICC (@ICC) July 1, 2026







