मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां 19665 खजुराहो–उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस से यात्रा कर रहे यात्री आग लगने की अफवाह की वजह से ट्रेन से कूद गए। इसी दौरान मेन ट्रैक पर आ रही पातालकोट ट्रेन की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई, कई यात्री घायल हो गए। पूरा मामला मुरैना के हेतमपुर स्टेशन का बताया जा रहा है।
मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में रविवार शाम एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद घबराए कई यात्रियों ने चलती ट्रेन से छलांग लगा दी। इसी दौरान दूसरी पटरी से गुजर रही पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आने से 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है शाम करीब 4 बजे उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर रवाना हुई थी। ट्रेन जैसे ही हेतमपुर स्टेशन के पास पहुंची, किसी ने कोच में आग लगने की अफवाह फैला दी। अफवाह सुनते ही यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। घबराहट में कई यात्रियों ने अपनी जान बचाने के लिए चलती ट्रेन से नीचे छलांग लगा दी। इसी दौरान सामने वाली पटरी पर धौलपुर से मुरैना की ओर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस तेज गति से गुजर रही थी।
ट्रेन से कूदे कई यात्री पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। हादसे में 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका भी जताई जा रही है।
राहत और बचाव कार्य जारी : घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। रेलवे अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।







