ग्वालियर। मुरैना में बारात की निकासी के दौरान की गई हर्ष फायरिंग एक व्यक्ति पर भारी पड़ गई। गोली के छर्रे लगने से दूल्हे के चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ग्वालियर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार, पोरसा के अटेर रोड स्थित एमएआर गार्डन में रविवार रात राहुल तोमर निवासी सिलावली के विवाह समारोह का आयोजन था। रात करीब 11 बजे बारात की निकासी के दौरान कुछ लोगों ने हथियार निकालकर हर्ष फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान 12 बोर की बंदूक से चली गोली के छर्रे वहां मौजूद सीताराम तोमर के पैर में जा लगे।
गोली लगते ही सीताराम तोमर लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े, जिससे समारोह में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। परिजनों और मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें पोरसा अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
बताया गया है कि घायल सीताराम तोमर, दूल्हे राहुल तोमर के चाचा हैं। घटना के बाद विवाह समारोह की खुशियां कुछ ही पलों में चिंता और तनाव में बदल गईं।
अंबाह एसडीओपी रवि प्रताप भदौरिया ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि हर्ष फायरिंग करने वाले व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा सके।







