Home » आसमान से बरस रही आग: भीषण गर्मी और जानलेवा लू से बेहाल हुआ उत्तर भारत
दिल्ली-एनसीआर देश

आसमान से बरस रही आग: भीषण गर्मी और जानलेवा लू से बेहाल हुआ उत्तर भारत

दिल्ली-यूपी में तापमान 45 डिग्री पार

नई दिल्ली। पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी से बेहाल है। उत्तर प्रदेश का बांदा में 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गुरुवार को पांचवें दिन भी देश का सबसे गर्म शहर रहा। चिंता की बात यह है कि अत्यधिक तापमान और आग उगलती लू के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है।

दिल्ली में हीट स्ट्रोक के दो मामले

राजधानी दिल्ली में हीट स्ट्रोक के दो मामले सामने आए हैं। इनमें एक मरीज को वेंटिलेटर पर रखा गया है, दूसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है। लखनऊ स्थित लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के न्यूरोलॉजी वार्ड में 32, केजीएमयू में 28 और एसजीपीजीआई में 20 ब्रेन स्ट्रोक के रोगी भर्ती हैं।

मैदानी क्षेत्रों में खासी गर्मी पड़ रही है

विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर हीट स्ट्रोक जानलेवा साबित हो सकता है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभों के अभाव में इस साल मैदानी क्षेत्रों में खासी गर्मी पड़ रही है। तापमान तो सामान्य से अधिक चल ही रहा है, लू वाली स्थिति भी बनी हुई है।

आइएमडी के अनुसार, दिल्ली में मई महीने की लगभग 14 सालों में गुरुवार की रात सबसे गर्म रात रिकॉर्ड की गई, जिसमें न्यूनतम तापमान 31.9 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन के समय अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का कहर जारी

उत्तर प्रदेश में करीब दो सप्ताह से भीषण गर्मी और लू का कहर जारी है। खासकर, बांदा, झांसी, आगरा, प्रयागराज, वाराणसी और आसपास के जिलों में अधिकतम तापमान हर दिन रिकॉर्ड बना रहा है।

Search

Archives