टी20 फॉर्मेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बने
Vaibhav Suryavanshi World Record: भारतीय क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी ने टी20 क्रिकेट इतिहास में सबसे तेज 1000 रन (गेंदों के मामले में) बनाने का नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है। राजस्थान रॉयल्स (RR) के तूफानी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ IPL 2026 के 36वें मैच में धुआंधार शतकीय पारी खेली।
इस मुकाबले में उन्होंने 37 बॉल पर पांच चौके और 12 छक्के की मदद से 103 रन की पारी खेली। इस शतकीय पारी के साथ ही उन्होंने टी20 क्रिकेट में एक वर्ल्ड रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह टी20 फॉर्मेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इस मामले में उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के मिच ओवन का रिकॉर्ड तोड़ा है।
वैभव सुर्यवंशी टी20 फॉर्मेट में गेंदों के हिसाब से सबसे तेज 1000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड मिचेल ओवन के नाम था। उन्होंने 533 गेंदों में टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 1000 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया था। अब मात्र 473 गेंदों में एक हजार रन बनाकर वैभव सूर्यवंशी ने इस वर्ल्ड रिकॉर्ड को अपने नाम कर लिया है। वैभव ने अब तक टी20 क्रिकेट में 200 से अधिक की स्ट्राइक रेट से रन बनाए हैं। इस लिस्ट में तीसरे नंबर पर ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर एंड्र्यू साइमंड्स का नाम है, उन्होंने 558 गेंदों पर 1000 टी20 रन बनाए थे।
टी20 फॉर्मेट में वैभव सूर्यवंशी के प्रदर्शन की बात करें तो उन्होंने अब तक 26 मैच खेले हैं। इस दौरान 26 पारियों में उन्होंने 42.32 के औसत से 1058 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से ये सभी रन 213.73 की स्ट्राइक रेट से आए हैं। इस दौरान वह 4 शतक और 3 अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे हैं। वहीं आईपीएल में वैभव ने अब तक 15 मैच खेले हैं और 15 पारियों में उन्होंने 40.60 के औसत से 609 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 222.26 का रहा है। इस लीग में उन्होंने 2 शतकीय और 3 अर्धशतकीय पारियां खेली है।
हैदराबाद ने राजस्थान को हराया : राजस्थान रॉयल्स (RR) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेले गए मैच की बात करें तो वहां राजस्थान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 228 रन बनाए थे। वहीं 229 रन के टारगेट को SRH ने 5 विकेट के नुकसान पर 18.3 ओवर में हासिल कर लिया। RR के लिए वैभव ने शतक लगाया लेकिन उनकी टीम को वहां हार का सामना करना पड़ा। वहीं SRH की तरफ से ईशान किशन ने 31 बॉल पर 74 रन की पारी खेली। वहीं अभिषेक ने 29 गेंदों में 57 रन बनाए।







