लखनऊ। जनमानस को गुणवत्तापरक खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषिधि प्रशासन प्रदेश भर में नियमित रूप से छापेमारी अभियान चला रहा है।
विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत 58 खाद्य सचल दलों ने प्रदेशभर से 210 नमूने भरे, जिसमें 206 खाद्य तेलों व वसा के थे। जांच में बड़ी संख्या में सैंपल मानकों पर फेल व असुरक्षित मिले। ऐसी 14 फर्मों के उत्पादों के विनिर्माण, भंडारण, वितरण व विक्रय पर राज्य की सीमा के अंतर्गत प्रतिबंध लगाया गया है। कई फर्मों के खाद्य तेल में लेड तत्व की अधिक मात्रा मिली या एक से अधिक खाद्य तेलों को अनाधिकृत रूप से मिश्रित कर बेचा जा रहा था। फोर्टिफाइड खाद्य तेल में कम मात्रा में विटामिन मिलाते हुए उपभोक्ताओं को धोखा दिया जा रहा था।
जिन 14 फर्मों पर प्रतिबंध लगाया गया है, जिसमें हिंद वेज ऑयल प्रालि. लखनऊ, संकट मोचन एंटरप्राइसेस लखनऊ, भीम श्री प्रोडक्ट कानपुर नगर, एनआर उद्योग कानपुर नगर, कटारिया एडिबल्स कानपुर नगर, वैभव एडिबल्स कानपुर देहात, मंटोरा आयल प्रोडक्शन कानपुर देहात, आगरा ऑयल, एनएम ऑयल कॉरपोरेशन आगरा, जीएस एग्रो फूड्स मेरठ, जेपी एग्रो आयल मेरठ, राजेन्द्र कुमार सुशील चंद मेरठ, केएल वेजिटेबल आयल प्रोडक्ट हापुड़ एवं जय लक्ष्मी सोलवेंटस प्रालि गोरखपुर शामिल हैं।







