कायमगंज (फर्रुखाबाद)। शादी समारोह में वर पक्ष की ओर से आए रिश्तेदार नेता के बाउंसर द्वारा की गई हर्ष फायरिंग में वधू के जीजा के भाई को गोली लग गई। गंभीर हालत में इलाज के लिए कानपुर ले जाया गया। पुलिस ने पहुंचकर जांच पड़ताल की और वहां फोटोग्राफर से वीडियो फुटेज देखे।
नगर के मुहल्ला पटवन गली स्थित परमानंद बगीची मैरिज होम में गुरुवार रात हिंदूवादी नेता प्रदीप सक्सेना के पुत्र जय सक्सेना का शादी समारोह चल रहा था। रात करीब 11 बजे द्वारचार की रस्म के समय हर्ष फायरिंग के दौरान पांडाल के पास एक बाउंसर बाराती अपनी राइफल से हर्ष फायरिंग करने लगा। तीन फायर करने के बाद उसकी राइफल गिरने से चौथे फायर से करीब 20 मीटर दूर द्वारचार पर खड़े दुल्हन के जीजा के भाई शमसाबाद के मुहल्ला बाजार कला निवासी 35 वर्षीय गौरव सक्सेना पुत्र शिवसंत सक्सेना को गोली लग गई।
खुशी के माहौल में हलचल मच गई, घायल युवक को लोग स्थानीय अस्पताल न ले जाकर सीधे फर्रुखाबाद के प्राइवेट हास्पिटल ले गए। किसी कारण वहां से अन्यत्र ले जाने को कहा गया। फिर घायल को कानपुर के प्राइवेट अस्पताल में ले जाया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार शुक्ल, नगर चौकी प्रभारी अंकुर भाटी फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक घायल इलाज के लिए ले जाया जा चुका था।
पुलिस ने घटना के बारे में जानकारी ली, वहां हुई फोटोग्राफी के वीडियो फुटेज भी देखे। बताया गया कि शादी समारोह में जालौन निवासी सक्सेना वैश्य बिरादरी के एक सामाजिक नेता वर पक्ष से आए हुए थे। उनके साथ कुछ राइफलधारी बाउंसर भी थे। उनमें से एक के द्वारा हर्ष फायरिंग की गई। युवक को गोली लगने पर उक्त नेता व उनके बाउंसर भी वहां से फरार हो गए।







