Home » पुष्‍कर घाटी में हादसा : 150 फीट गहरी खाई में ग‍िरी बस, 2 यात्रियों की मौत, 5 की हालत गंभीर
राजस्थान

पुष्‍कर घाटी में हादसा : 150 फीट गहरी खाई में ग‍िरी बस, 2 यात्रियों की मौत, 5 की हालत गंभीर

अजमेर में रविवार दोपहर पुष्कर घाटी में बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां यात्रियों से भरी एक बस पुष्कर घाटी में अनियंत्रित होकर करीब 150 फीट गहरी खाई में गिर गई।  इस हादसे में एक बच्चे व एक सवारी की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए हैं। घायलों में से पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार बस में कुल 31 यात्री सवार थे, जो पुष्कर से पीसांगन में मायरा भरने के लिए पुष्कर की ओर जा रहे थे। हादसा पुष्कर से करीब तीन किलोमीटर पहले, सांझी की छत के आगे घाटी क्षेत्र में हुआ, जहां अचानक बस चालक का नियंत्रण वाहन पर से हट गया और बस खाई में गिर गई।

अजमेर कलेक्टर ने हादसे को लेकर जानकारी देते हुए कहा कि दो लोगों की मौत हुई है। आठ एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया है। जिला प्रशासन और स्थानीय लोगों ने मौके पर घायलों की सहायता की। सभी घायलों को उपचार के लिए हर संभव मदद की जा रही है।

अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर किया गया
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर पुष्कर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुष्कर घाटी मार्ग पर लंबा जाम
इस दुर्घटना के चलते पुष्कर घाटी मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित रही। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचकर हालात को संभालने में जुटी रही। प्रशासन के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि तकनीकी खराबी या चालक की लापरवाही जैसे पहलुओं की भी जांच की जा रही है।

Search

Archives