डिंडौरी। मध्य प्रदेश के डिंडौरी जिले से एक हृदयविदारक खबर सामने आई है। यहां गाड़ा सरई थाना क्षेत्र के किकरा तालाब गांव के पास एक अनियंत्रित कैप्सूल वाहन ने सड़क किनारे बैठे पांच लोगों को बेरहमी से कुचल दिया। हादसे में पांचों व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में पिता-पुत्र भी शामिल हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना जबलपुर-अमरकंटक नेशनल हाईवे पर रात करीब 12:30 बजे की है। परसवाह गांव के निवासी एक पिकअप (MP 65 ZD 1118) से सिलयारी गांव में एक ‘चौक कार्यक्रम’ से लौट रहे थे। किकरा तालाब के पास पिकअप का टायर पंक्चर हो गया। ड्राइवर सड़क किनारे गाड़ी खड़ी कर टायर बदल रहा था, जबकि पिकअप में सवार लोग नीचे उतरकर पास में ही बैठ गए थे। इसी दौरान अमरकंटक की ओर से आ रहे तेज रफ्तार कैप्सूल (MP 19 ZO 9351) ने इन लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो लोग हवा में 10 फीट उछलकर दूर जा गिरे।
लोगों को कुचलने के बाद भी कैप्सूल की रफ्तार कम नहीं हुई। उसने सड़क किनारे बनी एक छोटी मढ़िया, बिजली के पोल और यात्री प्रतीक्षालय को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य बताए जा रहे हैं। इनमें राजकरण (35) निवासी परसवाह, बिहारी (50) निवासी करबे मट्ठा, बिहारी का बेटा (32), पवन मरावी (35) निवासी परसवाह, बिसाहू धुर्वे (58) निवासी उफरी हैं। वहीं, हादसे में उदय प्रताप (20) नामक युवक को मामूली चोटें आई हैं, जिसका इलाज गाड़ा सरई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।
प्रशासनिक सहायता की घोषणा की गई : घटना की सूचना मिलते ही कलेक्टर अंजू भदौरिया और एसपी वाहिनी सिंह मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने पीड़ित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता का ऐलान किया है। संबल योजना के तहत मृतकों के परिजनों को चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। जबकि रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से 50 हजार रुपये की तत्काल मदद की गई। प्रशासन द्वारा ही मृतकों के अंतिम संस्कार की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, पुलिस ने कैप्सूल वाहन को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों और क्षेत्र में इस खबर ने लोगों को अंदर तक झकझोरकर रख दिया है। मृतकों के गांव में मातम पसर गया है।







